प्रश्न – विस्तृत व्यापारिक अनाज उत्पादन से आप क्या समझते हैं ?
व्यापारिक अनाज उत्पादन मुख्यतः मध्य अक्षांशीय घास के मैदानों में किया जाता है। उत्तरी अमेरिका में प्रेयरी, सोवियत रूस में स्टैपी, अर्जेण्टाइना के पम्पास और आस्ट्रेलिया के डार्लिंग डाउन्स के मैदानों में इसप्रकार की कृषि की जाती है, जहाँ वर्षा का सामान्य औसत 25 से 50 सेमी०. तक होता है। इसप्रकार की खेती औद्योगिक युग की देन मानी जाती है। यह अधिकतर अर्द्ध-शुष्क प्रदेशों में की जाती है। व्यापारिक खेती की विशेषताएँ इसप्रकार हैं-
(1) इसके अन्तर्गत किसी एक ही फसल के उत्पादन पर अधिक जोर दिया जाता है और इसका उत्पादन विशेष रूप से व्यापार के लिए किया जाता है। यद्यपि गेहूँ मुख्य उत्पादन है, फिर भी जौ, राई, मक्का, चावल और चारा पैदा किया जाता है।
(2) इस कृषि में फसल बोने से लगाकर काटने तक का सारा कार्य मशीनों से ही सम्पन्न किया जाता है। ट्रैक्टर, हल, हैरो, कम्बाइन हार्वेस्टर, ड्रिल, रीयर, थ्रैसिंग मशीन, मोवर, कल्टीवेटर्स और कार्नप्लांटर्स आदि मशीनों का उपयोग विशेष रूप से किया जाता है।
(3) इसप्रकार की कृषि के अन्तर्गत बाहरी श्रमिकों की टोलियाँ, व्यवस्था अथवा विदेशी पूँजी की आवश्यकता नहीं पड़ती।
(4) व्यापारिक अनाजों के खेतों का औसत आकार बहुत बड़ा होता है। संयुक्त राज्य में 500 से लेकर 1,000 एकड़ तक के खेत होते हैं। कहीं-कहीं तो इनका आकार 2,000 एकड़ का भी होता है।
(5) इन खेतों पर पाले जानेवाले पशुओं की संख्या सामान्यतः कम होती है। कृषि के लिए बैलों की अपेक्षा घोड़े काम में लाये जाते हैं, किन्तु अब इनके स्थान पर ट्रैक्टरों का उपयोग ही अधिक बढ़ गया है।
(6) प्रति एकड़ भूमि का मूल्य एवं उत्पादन कम होता है, किन्तु प्रति मनुष्य अधिक उत्पादन यन्त्रों की सहायता से सम्भव हुआ है।
इसप्रकार की खेती की मुख्यतः दो श्रेणियाँ हैं – प्रथम क्षेत्र वे हैं जिनमें अनाज का उत्पादन निर्यात के लिए ही विशेष रूप से किया जाता है। कनाडा, आस्ट्रेलिया और अर्जेण्टाइना इस प्रकार के देश हैं। दूसरे प्रकार के क्षेत्रों में अनाज का उत्पादन व्यापार के लिए कम, स्थानीय उपयोग के लिए अधिक किया जाता है। सोवियत रूस और संयुक्त राज्य ऐसे ही मुख्य देश हैं।
गेहूँ यहाँ की प्रमुख फसल है। उत्तरी मध्यवर्ती संयुक्त राज्य, कनाडा और कोलम्बया के पठार से लगाकर उत्तरी और दक्षिणी डैकोटा, मोण्टाना, मिनेसोटा, अलबर्टा, मानीटोला और सस्केचवान की रियासतों में वसन्तकालीन गेहूँ (Spring Wheat) पैदा किया जाता है। पूर्वी रूस और साईबेरिया में भी वसन्त ऋतु का गेहूँ पैदा होता है। शीतकालीन गेहूँ (Winter Wheat) कनसास, अर्जेण्टाइना, आस्ट्रेलिया और यूक्रेन में विशेष रूप से पैदा किया जाता है। उत्तरी अमेरिका के क्षेत्रों को तो ‘विश्व की रोटी की डलिया (Bred Basket of the World) की संज्ञा दी गयी है। गेहूँ के अतिरिक्त मक्का का उत्पादन बिक्री के लिए पूर्वी इलीनियोस, अर्जेण्टाइना के पूर्वी क्षेत्रों और दक्षिणी अफ्रीका में किया जाता है। चावल मुख्यतः लुसीयांना और कैलीफोर्निया में थोड़ी मात्रा में पैदा किया जाता है।
सूअर, घोड़े, मुर्गियों आदि के लिए जई, जौ, राई आदि भी संयुक्त राज्य के दक्षिणी भागों में उगायी जाती है।